Decoding the Law, One Judgment at a Time

सर्वोच्च न्यायालय ने हिंदी जन सूचना सेवा आरंभ करने की घोषणा

हिंदी दिवस के अवसर पर सर्वोच्च न्यायालय ने हिंदी में नई जन सूचना सेवा आरंभ करने की घोषणा की है। इस सेवा के अंतर्गत चयनित महत्वपूर्ण निर्णयों एवं आदेशों का सरल एवं सुगम हिंदी में सार उपलब्ध कराया जाएगा। इसके साथ ही प्रतिदिन लगभग 15 से 30 मिनट की अवधि का हिंदी ऑडियो एवं वीडियो बुलेटिन भी उपलब्ध कराया जाएगा। संबंधित आधिकारिक निर्णय का लिंक भी बुलेटिन के साथ साझा किया जाएगा। आवश्यक व्यवस्थाएँ पूर्ण किए जाने के पश्चात यह सेवा शीघ्र प्रारंभ की जाएगी।

यह पहल आम नागरिकों, वादकारियों तथा विशेष रूप से दिव्यांगजनों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए की जा रही है, ताकि वे न्यायालय के महत्वपूर्ण निर्णयों, उनके प्रभाव तथा आगे की प्रक्रिया को अपनी परिचित भाषा में सरलता से समझ सकें। इसका उद्देश्य न्याय तक पहुँच को अधिक सुलभ बनाना तथा भारतीय भाषाओं के सम्मान को न्यायिक जन सूचना से जोड़ना है।

सरल भाषा के साथ-साथ ऑडियो एवं वीडियो माध्यम उन व्यक्तियों के लिए भी उपयोगी होंगे, जिन्हें लंबे कानूनी दस्तावेजों को पढ़ने अथवा समझने में कठिनाई होती है। इस प्रकार, महत्वपूर्ण न्यायिक निर्णयों की जानकारी को अधिक सुगम और व्यापक रूप से उपलब्ध कराने की दिशा में यह एक महत्वपूर्ण पहल होगी।

यह सेवा प्रथम चरण में हिंदी भाषा में प्रारंभ की जाएगी तथा इसके पश्चात चरणबद्ध रूप से अन्य भारतीय भाषाओं में भी उपलब्ध कराने की दिशा में कार्य किया जाएगा। इससे देश के विभिन्न भाषाई क्षेत्रों के नागरिकों को सर्वोच्च न्यायालय के महत्वपूर्ण निर्णयों की संक्षिप्त एवं सहज जानकारी अपनी परिचित भाषा में प्राप्त हो सकेगी।

प्रेस विज्ञप्ति का शीर्षक: हिंदी दिवस पर हिंदी जन सूचना सेवा आरंभ करने की घोषणा

दिनांक: 14.09.2026

Related Post